परिवार की महिला से अवैध सबंध के कारण आरोपी ने फल दुकान संचालक को चाकू घोंपा
00 रविवार की रात तिफरा बाजार में हुई वारदात
00 सिरगिट्टी, पुलिस ने फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया
बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने रविवार की रात 9.30 बजेफल दुकान संचालक मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। उसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया। घायल के पत्नी की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक अभय सिंह बैस द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट के परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध था। महिला को सैदा में रखा था। इस बात को लेकर आरोपी के मन में मनीष गोस्वामी के प्रति आक्रोश था।
इसी विवाद के कारण आरोपी ने मनीष गोस्वामी पर धारदार चाकू से हमला कर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पतासाजी के दौरान उसके रायपुर में होने की सूचना प्राप्त होने पर थाना सिरगिट्टी की एक टीम रात्रि में ही रायपुर रवाना की गई तथा घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग धारदार चाकू जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
