भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज को हाईकोर्ट से राहत, 100 बीएएमएस सीटों पर प्रवेश की अनुमति
० सरप्राइज इंस्पेक्शन में सहयोग नहीं करने के आरोप पर प्रवेश की अनुमति देने से किया गया था इनकार ० हाईकोर्ट ने तीनों आदेश निरस्त कर स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में शामिल करने का दिया निर्देश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुर्ग स्थित भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएएमएस पाठ्यक्रम की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार करने संबंधी आदेश निरस्त कर दिए हैं। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग के चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के 2 जुलाई 2026 के आदेश तथा इसके खिलाफ पहली और दूसरी अपील खारिज करने के 12 अगस्त और 19 अक्टूबर 2026 के आदेशों को भी रद्द कर दिया। कोर्ट ने कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाले स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में 100 स्वीकृत सीटों के लिए शामिल करने का निर्देश दिया है।
याचिकाकर्ता भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुर्ग की ओर से बताया गया कि संस्थान वर्ष 2016-17 से बीएएमएस पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है और उसे 100 सीटों की क्षमता के लिए समय-समय पर अनुमति मिलती रही है। वर्ष 2025-26 के लिए भी उसे विस्तारित अनुमति प्रदान की गई थी। कॉलेज ने 1 दिसंबर 2025 को अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत कर पूर्व में बताई गई कमियों को दूर करने तथा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ और आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संबंध में नियमों का पालन करने की जानकारी दी थी। 26 फरवरी 2026 को आयोग की दो सदस्यीय टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंची। उस समय प्राचार्य पूर्व निर्धारित सेमिनार में शामिल होने गए थे और निरीक्षण की सूचना दोपहर करीब 2.55 बजे ईमेल से मिली थी। कॉलेज प्रबंधन ने अगले दिन निरीक्षण कराने का अनुरोध किया, लेकिन टीम ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद आयोग ने 19 मार्च को नोटिस जारी कर असहयोग का आरोप लगाया। कॉलेज ने 20 मार्च को जवाब के साथ शपथपत्र, प्राचार्य के सेमिनार में शामिल होने का प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए।
इसके बावजूद चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड ने 2 जुलाई को कॉलेज को सत्र 2026-27 के लिए 100 बीएएमएस सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसे राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग के 2024 के विनियमों के प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए कॉलेज ने पहली अपील की, जिसे 12 अगस्त को खारिज कर दिया गया। इसके बाद आयुष मंत्रालय के सचिव के समक्ष दूसरी अपील भी 19 अक्टूबर को निरस्त कर दी गई। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद कहा कि कॉलेज को पहले विस्तारित अनुमति प्राप्त थी, ऐसे में 2024 के विनियमों के विनियम 54 और 55, विशेषकर विनियम 55(9) के तहत निर्धारित प्रक्रिया और संभावित परिणामों पर विचार किए बिना सीधे अनुमति से इनकार करना उचित नहीं था। साथ ही, कथित कमियों का समुचित आकलन नहीं किया गया और निरीक्षण के दौरान प्राचार्य की अनुपस्थिति के संबंध में कॉलेज के स्पष्टीकरण पर भी ठोस कारण दर्ज नहीं किए गए। अपीलीय प्राधिकारियों ने भी कॉलेज के महत्वपूर्ण तर्कों पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कॉलेज को काउंसलिंग के अगले स्ट्रे वैकेंसी राउंड में शामिल किया जाए। प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित होने के मद्देनजर यह निर्देश दिया गया है। साथ ही आयोग को कॉलेज और उससे संबद्ध शिक्षण अस्पताल का नए सिरे से निरीक्षण करने की छूट दी गई है। कॉलेज को निरीक्षण में पूरा सहयोग करना होगा। यदि कोई कमी या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो सक्षम प्राधिकारी कानून के अनुसार उचित समय देते हुए सुनवाई का अवसर प्रदान करेगा और उसके बाद कारणयुक्त आदेश पारित करेगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कॉलेज को न्यूनतम आवश्यक मानकों के अनुपालन से स्थायी छूट नहीं दी गई है। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भरत ने अधिवक्ता आकाश पांडे के साथ पैरवी की।
