चोरी का सामान खरीदने के मामले में संतू कबाड़ी की पुनरीक्षण याचिका हाईकोर्ट से खारिज
बिलासपुर। हरिभूमि के पुराने कार्यालय से प्रिंटिंग मशीन के स्पेयर पार्ट्स, कॉपर वायर, सीलिंग फैन और अन्य सामान चोरी होने के मामले में चोरी का सामान खरीदने के दोषी स्क्रैप कारोबारी संतुलाल बंजारे को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उसकी आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी। निचली अदालत ने संतुलाल को आईपीसी की धारा 411 के तहत दोषी ठहराते हुए पहले से जेल में बिताई गई 5 माह 26 दिन की अवधि को सजा माना था। इस फैसले को चतुर्थ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर ने भी बरकरार रखा था। हाईकोर्ट ने 24 सितंबर 2026 को आदेश सुरक्षित रखा था, जिसे 18 नवंबर 2026 को सुनाया गया।
मामले के अनुसार, 8 जुलाई 2015 को हरिभूमि के पुराने कार्यालय में चोरी का पता चला था। शिकायतकर्ता प्रियांक सिंह परिहार की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाने में आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्यालय से प्रिंटिंग मशीन के स्पेयर पार्ट्स, सीलिंग फैन, बिजली के तार, स्विच बोर्ड के कॉपर वायर सहित करीब 77 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था। जांच के दौरान सह आरोपी राज उर्फ बड़े सिदार, मुकेश डाहिरे और राजू बघेल के मेमोरेंडम बयानों के आधार पर चोरी के सामान की कड़ियां सामने आईं। पुलिस ने संतुलाल की स्क्रैप दुकान से 5 किलो कॉपर वायर, 10 किलो लोहे के नट-बोल्ट और चार चौकोर लोहे की पाइपें जब्त की थीं। अभियोजन के अनुसार, यह सामान चोरी का था और सह आरोपियों ने इसे संतुलाल को बेचा था।
संतुलाल की ओर से हाईकोर्ट में तर्क दिया गया कि जब्ती मेमो विधिवत प्रमाणित नहीं हुआ है। उसे यह जानकारी नहीं थी कि खरीदा गया सामान चोरी का है और उसने इसके लिए उचित कीमत चुकाई थी। अभियोजन भी यह साबित नहीं कर पाया कि उसे सामान के चोरी का होने की जानकारी थी या ऐसा मानने का कोई कारण था। वहीं, राज्य की ओर से निचली अदालतों के फैसले को सही बताते हुए पुनरीक्षण याचिका खारिज करने की मांग की गई। हाईकोर्ट ने जांच अधिकारी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि संतुलाल की दुकान से जब्त सामान प्रिंटिंग प्रेस से संबंधित था। वह स्क्रैप की दुकान चलाता था, लेकिन जब्त सामान उसके कब्जे में कैसे आया, इसका संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सका।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के नीलू उर्फ नीलेश कोस्ती बनाम मध्यप्रदेश राज्य (2026 INSC 173) और बोधराज बनाम जम्मू-कश्मीर राज्य के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि साक्ष्य अधिनियम की धारा 27 के तहत आरोपी की जानकारी से हुई बरामदगी महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकती है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल सामान की बरामदगी ही नहीं, बल्कि उसकी बरामदगी के स्थान और आरोपी को उसके बारे में जानकारी होने जैसे तथ्य भी महत्वपूर्ण हैं। संतुलाल जब्त सामान के अपने कब्जे में होने का कोई उचित स्पष्टीकरण नहीं दे पाया। ऐसे में निचली अदालतों के फैसलों में कोई अवैधानिकता या अधिकार क्षेत्र संबंधी त्रुटि नहीं है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने उसकी आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed