डॉक्टर की सड़क हादसे में मौत पर 12 लाख रुपये घटा मुआवजा
० हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी की अपील आंशिक मंजूर की
० आयकर की गणना में गलती के कारण बदली मुआवजे की राशि
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़क दुर्घटना में मारे गए डॉक्टर के परिजनों को दिए जाने वाले मुआवजे की राशि में संशोधन करते हुए इसे 2 करोड़ 49 लाख 46 हजार 800 रुपये से घटाकर 2 करोड़ 37 लाख 33 हजार 211 रुपये कर दिया है* जस्टिस संतोष शर्मा की एकलपीठ ने न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की अपील को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।
बीमा कंपनी ने प्रथम अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, रायपुर के 21 जनवरी 2020 के अवार्ड को चुनौती दी थी। अधिकरण ने मृतक के परिजनों को 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ मुआवजा देने का आदेश दिया था* मामले के अनुसार, 5 जून 2017 को इंद्रजीत सिंह सिद्धू अपनी होंडा सिटी कार से विजय सिंह और हेमंत कुमार लहरे के साथ बिलासपुर से कोरबा जा रहे थे* ग्राम लगरा में आरटीओ के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे कैप्सूल ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई* मामले में ट्रक चालक के खिलाफ सरकंडा थाने में अपराध दर्ज किया गया था* मृतक श्री बालाजी ट्रॉमा एंड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोरबा में जनरल मेडिसिन विभाग में प्रोफेशनल कंसल्टेंट थे और उनकी मासिक आय 2 लाख 30 हजार रुपये यानी वार्षिक आय 27 लाख 60 हजार रुपये थी। उनकी पत्नी दिलशाद कौर सिद्धू और दो बच्चों ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 3 करोड़ 27 लाख 46 हजार रुपये मुआवजे की मांग की थी* अधिकरण ने निर्भरता की हानि और अन्य मदों को मिलाकर 2 करोड़ 49 लाख 46 हजार 800 रुपये मुआवजा निर्धारित किया था।
बीमा कंपनी ने हाईकोर्ट में तर्क दिया कि अधिकरण ने आयकर की गणना में 20 प्रतिशत कटौती की है, जबकि वित्तीय वर्ष 2017-18 के लागू आयकर स्लैब के अनुसार वास्तविक टैक्स अधिक बनता था। कंपनी ने यह भी कहा कि मृतक की उम्र 49 वर्ष होने के कारण भविष्य की संभावनाओं के लिए 30 प्रतिशत के बजाय 25 प्रतिशत वृद्धि ही दी जानी चाहिए थी। साथ ही 7.5 प्रतिशत ब्याज दर को घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की गई। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने अधिकरण के फैसले को उचित बताते हुए अपील खारिज करने की मांग की। हाईकोर्ट ने पाया कि मृतक की मासिक आय 2.30 लाख रुपये पर बीमा कंपनी ने आपत्ति नहीं की थी, लेकिन आयकर की गणना गलत तरीके से की गई थी। वित्तीय वर्ष 2017-18 के अनुसार 6 लाख 59 हजार 715 रुपये आयकर काटने के बाद मृतक की शुद्ध वार्षिक आय 21 लाख 285 रुपये निर्धारित की गई।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड विरुद्ध प्रणय सेठी में निर्धारित सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि मृतक की उम्र और नौकरी की प्रकृति को देखते हुए भविष्य की संभावनाओं के लिए 30 प्रतिशत वृद्धि देना उचित है* बीमा कंपनी की इस संबंध में 25 प्रतिशत वृद्धि की मांग स्वीकार नहीं की गई* आयकर की सही गणना के आधार पर मुआवजे की राशि में संशोधन किया गया, जबकि अधिकरण के अन्य निष्कर्ष बरकरार रखे गए। ब्याज दर घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग पर भी हाईकोर्ट ने कोई बदलाव नहीं किया* इस तरह बीमा कंपनी की अपील आंशिक रूप से स्वीकार कर मुआवजा 12 लाख 13 हजार 589 रुपये कम कर दिया गया।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed