एजी ऑफिस से तीन विधि अधिकारियों ने दिया इस्तीफा, व्यक्तिगत कारणों का हवाला
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ महाधिवक्ता कार्यालय में मंगलवार को तीन विधि अधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इनमें उप महाधिवक्ता डॉ. सौरभ कुमार पांडे, सरकारी अधिवक्ता शैलजा शुक्ला और उप सरकारी अधिवक्ता नितांश जायसवाल शामिल हैं। तीनों ने 6 अक्टूबर 2026 से पद छोड़ने के संबंध में अपने इस्तीफे महाधिवक्ता कार्यालय को सौंपे हैं।
डॉ. सौरभ कुमार पांडे और नितांश जायसवाल ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया है। दोनों ने कहा है कि इन्हीं परिस्थितियों के कारण वे संबंधित पदों पर आगे बने रहने में असमर्थ हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिली जिम्मेदारियों के निर्वहन का अवसर देने और महाधिवक्ता, अन्य विधि अधिकारियों तथा कार्यालयीन कर्मचारियों से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया है।
वहीं, सरकारी अधिवक्ता शैलजा शुक्ला ने भी 6 अक्टूबर से पद से इस्तीफा देने का आवेदन दिया है। उनके पत्र में भी पद छोड़ने के निर्णय के अलावा कोई अन्य कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। महाधिवक्ता कार्यालय ने तीनों के इस्तीफे विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रमुख सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिए हैं।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *