काबरा करेंगे आईपीएस डांगी मामले की जाँच
० शासन ने हाईकोर्ट के दखल के बाद अफसरों को बदला
बिलासपुर। निलंबित आईपीएस रतन लाल डांगी से जुड़े यौन शोषण मामले में हाईकोर्ट में याचिका के बाद पुलिस विभाग ने जांच अधिकारी बदलने का प्रस्ताव भेजा है। डीजीपी की ओर से गृह सचिव को भेजे गए प्रस्ताव में आईपीएस दीपांशु काबरा को नया जांच अधिकारी और आईपीएस प्रशांत कुमार अग्रवाल को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी बनाने की जानकारी हाईकोर्ट में दी गई है।
इस मामले में पीड़िता एसआई की पत्नी ने अधिवक्ता अभिषेक पांडेय के माध्यम से पेश याचिका में प्राथमिक जांच में पक्षपात का आरोप लगाते हुए किसी महिला आईएएस अधिकारी से जांच कराने की मांग की थी। अब हाईकोर्ट की निगरानी में आगे की कार्रवाई होगी। अगली सुनवाई अगले सप्ताह निर्धारित है।
यौन उत्पीड़न का आरोप
दरअसल, पुलिस विभाग में पदस्थ एसआई की पत्नी ने डांगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पीड़िता ने 15 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि पिछले 7 साल से आईपीएस डांगी उसका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे हैं। यौन-उत्पीड़न के आरोपों के बीच Iडांगी को पद से हटा दिया गया था। गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने इसका आदेश जारी किया था। बाद में उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि, इन आरोपों को रतनलाल डांगी ने झूठा बताया था, मामला अभी कोर्ट में चल रहा है।
पीड़िता का पक्ष ठीक से नहीं सुना गया
रतन लाल डांगी से जुड़े इस मामले में पीड़िता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका में प्राथमिक जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया था कि, जांच के दौरान उसका पक्ष ठीक से नहीं सुना गया और आरोपी अधिकारी को बचाने की कोशिश की गई। पीड़िता ने निष्पक्ष जांच के लिए जांच अधिकारी बदलने की मांग की थी। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग से जांच की स्थिति और कार्रवाई को लेकर जानकारी मांगी गई। अब विभाग ने जांच अधिकारी बदलने का प्रस्ताव गृह सचिव को भेजने की जानकारी अदालत में दी है।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *