30 वर्षों की गौरवपूर्ण रेल सेवा उपरांत जनसंपर्क अधिकारी मीना सेवानिवृत्त हुए
00 रेलवे मुख्यालय में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय बिलासपुर में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी श्री रामजी लाल मीना आज लगभग 30 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित रेल सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर जनसंपर्क कार्यालय, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।समारोह में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती दर्शनीता बोरा अहलूवालिया ने श्री मीना के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, समर्पण एवं सकारात्मक कार्यशैली से संगठन की गरिमा को सदैव बढ़ाया। उन्होंने श्री मीना के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।इस अवसर पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शेख समी उर रहमान ने कहा कि श्री मीना ने अपने दायित्वों का सदैव निष्ठा, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन किया। जनसंपर्क विभाग में उनकी कार्यशैली, सरल स्वभाव तथा टीम भावना सभी के लिए प्रेरणादायी रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका अनुभव समाज एवं संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री संतोष कुमार ने कहा कि श्री मीना ने अपने लंबे सेवाकाल में विभाग की विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों तथा रेलवे की उपलब्धियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अनुभव, सौहार्दपूर्ण व्यवहार एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण सदैव विभाग की कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करता रहा।अपने संबोधन में श्री रामजी लाल मीना ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मिले स्नेह, सहयोग एवं विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि रेलवे परिवार के साथ बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगे।समारोह के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्री रामजी लाल मीना को स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सुखमय, स्वस्थ एवं आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं।
