फरार वारंटी, निगरानी बदमाश व गुंडों पर पुलिस का प्रहार
00 विशेष अभियान चलाकर 489 कार्रवाई की गई
बिलासपुर। अदालत से जमानत मिलने के बाद से फरार हुए वारंटियों, निगरानी गुंडा, स्थाई वारंट पर पुलिस ने विशेष अभियान चला कर कुल 489 कार्रवाई किया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर के निर्देशन में जिले में लंबित समंस एवं वारंटों की तामिली, लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा निगरानी गुंडा-बदमाशों के सत्यापन हेतु एक व्यापक एवं योजनाबद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर न्यायालयों से जारी लंबित वारंटों एवं समंसों की तामिली की गई तथा फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।अभियान के दौरान कुल 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट एवं 39 स्थाई वारंट सहित कुल 201 वारंटों की तामिली सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त 163 समंसों की तामिली की गई। विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।साथ ही 104 निगरानी गुंडा एवं बदमाशों की चेकिंग कर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा आवश्यक समझाइश एवं वैधानिक निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान कुल 489 कार्यवाहियां संपादित की गईं।उक्त कार्यवाही से न्यायालयीन आदेशों के पालन की प्रभावशीलता में वृद्धि हुई है तथा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिली है। बिलासपुर पुलिस द्वारा इस प्रकार की विशेष कार्यवाही निरंतर जारी रखी जाएगी।
