आजादी के 75 वर्ष बाद भी जीपीएम जिला का परसापानी व बगला भाठा गांव पहुंचविहीन
०० हाईकोर्ट ने सचिव लोक निर्माण विभाग से जवाब मांगा
बिलासपुर। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा एवं जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डीबी ने बिलासपुर-मरवाही बाईपास रोड के पास बसे गाँव परसापानी और बगला भाटा के लिए बेसिक रोड कनेक्टिविटी की लगातार कमी और पक्का पुल/ऑल-वेदर एक्सेस रोड न होने, बरसात में पहाड़ी नाला के कारण दोनों ही गांव के टापू बनने को लेकर पेश जनहित याचिका को स्वत: संज्ञान में लिया है। कोर्ट ने मामले में लोक निर्माण विभाग के सचिव को नोटिस जारी किया है। निलेश विश्वास ने बिलासपुर-मरवाही बाईपास मार्ग में स्थित ग्राम परसापानी एवं बगला भाठा गांव के लिए आजादी के 75 वर्ष बाद भी सभी मौसम के लिए सड़क नहीं होने, बारसात में पहाड़ी से आने वाले पानी के कारण दोनों गांव के 2 से 3 माह तक संपर्क टूटने व इसके कारण यहां के निवासरत ग्रामीणों को इस बीच स्वास्थ्य सुविधा, शहर से कटने, बाजार आने जाने का रास्ता बंद होने से हो रही समस्या तथा इस संबंध में अधिकारियों को बार बार आवेदन देने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किए जाने की बात कही गई है। शुक्रवार को याचिका में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा एवं जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डीबी में सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि याचिका में जनहित का मुद्दा उठाया गया है। याचिका में अधिकारियों को बार बार कहने के बाद भी सड़क निर्माण नहीं कराए जाने की बात कही गई है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को मुक्त करते हुए मामले को स्वत: संज्ञान में लेकर सुनवाई करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने रजिस्ट्री को याचिका में जो त्रुटि है उसे दूर करने का निर्देश दिया। इसके साथ सचिव लोक निर्माण विभाग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट ने मामले को सुनवाई हेतु जून में रखने का निर्देश दिया है।
00
हाई कोर्ट ने आदेश में कहा
इस मामले की प्रकृति और प्रभावित इलाकों में रहने वाले बड़ी संख्या में ग्रामीणों पर इसके बार-बार पड़ने वाले असर को देखते हुए, हम इस पर खुद से संज्ञान लेते हैं और छत्तीसगढ़ सरकार के पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी को इस मामले में अपना पर्सनल एफिडेविट फाइल करने का निर्देश देते हैं। पिटीशनर के वकील को इस मामले में पेश होने से मुक्त किया जाता है। इस केस को 16.06.2026 को लिस्ट करें। रजिस्ट्री को कॉज टाइटल के साथ-साथ पिटीशन में भी ज़रूरी सुधार करने का निर्देश दिया जाता है।
