शासन ने जारी किया सी.जी.पी.एस.सी. 2022 में चयनित डिप्टी कलेक्टर्स की नियुक्ति आदेश
याचिकाकर्ता ने मामला वापस लिया
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2022 में राज्य सिविल सेवा हेतु विज्ञापन जारी किया गया था जिस अनुसार कुल 210 पदों पर नियुक्ति किया जाना था, जिसमें 15 पद डिप्टी कलेक्टर के थे। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया वर्ष 2023 में पूर्ण कर 06.09.2023 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के द्वारा चयन सूची जारी कर अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर विभिन्न पदों हेतु किया गया। शासन द्वारा अन्य 13 विभागों हेतु चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया था परन्तु डिप्टी कलेक्टर के 15 पद हेतु नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया था। डिप्टी कलेक्टर के 15 अभ्यर्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समक्ष अपने अधिवक्ता सिद्धार्थ तिवारी के माध्यम से रिट याचिका दायर किया गया जिस पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय द्वारा शासन को नियुक्ति हेतु निर्देश प्राप्त करने का समय दिया गया था, एक सप्ताह के भीतर ही 05.09. 2024 को शासन द्वारा डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों हेतु नियुक्ति आदेश जारी किया गया तत्पश्चात दिनांक 09.09.2024 को चयनित डिप्टी कलेक्टरों द्वारा प्रकरण वापस लिया गया।
