नए भवनों का उद्देश्य लोगों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना-चीफ जस्टिस
पेण्ड्रारोड में अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल लोकार्पण
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने गुरुवार को पेण्ड्रारोड सिविल कोर्ट परिसर में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं बिलासपुर के पोर्टफोलियो जज रवीन्द्र कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।
करीब 77.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में दो कोर्ट रूम, पीठासीन अधिकारियों के लिए विश्राम कक्ष तथा स्टेनो रूम बनाए गए हैं। इससे न्यायालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा और दक्षता बढ़ेगी।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि राज्य में न्यायिक अधोसंरचना लगातार सुदृढ़ हुई है। नए भवनों का उद्देश्य न्यायिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम लोगों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने न्यायपालिका के विकास में राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के सहयोग की सराहना करते हुए पेण्ड्रारोड के इस भवन को अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए अनुकरणीय बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पेण्ड्रारोड ने दिया वर्चुअल समारोह में हाईकोर्ट रजिस्ट्री , जिला न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी तथा शामिल हुए।
