दो साल की सृष्टि जिंदगी के लिए जूझ रही, आर्थिक मदद की अपील

00 हैदराबाद के एआइजी अस्पताल में चल रहा उपचार, इलाज पूरा करने करीब 11 लाख रुपये की जरूरत

बिलासपुर। महज दो वर्ष की मासूम सृष्टि यादव इस समय गंभीर बीमारी से जूझ रही है। हैदराबाद स्थित एआइजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है। परिजनों के मुताबिक विस्तृत चिकित्सकीय जांच में पता चला कि सृष्टि की आंत और अग्न्याशय (पैंक्रियाज) के बीच की नली में लीकेज है। इसके कारण भोजन और पानी सामान्य रूप से पाचन तंत्र में आगे नहीं बढ़ पाता, बल्कि पेट के अंदर रिसने से बार-बार गंभीर संक्रमण हो रहा है। यही वजह है कि फिलहाल बच्ची को सामान्य रूप से भोजन नहीं दिया जा सकता और दवाइयों के साथ पोषण भी पाइप के माध्यम से दिया जा रहा है।

काठाकोनी से लगे ग्राम भिलौनी निवासी सृष्टि के पिता संतोष यादव ने बताया कि शुरुआत में डॉक्टरों ने पेट में संक्रमण की आशंका जताई थी। इसके बाद शहर के कई अस्पतालों में लंबे समय तक इलाज और विभिन्न जांचें कराई गईं। चिकित्सकों के निर्देशानुसार उपचार भी चलता रहा, लेकिन बच्ची की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं आया। समय के साथ उसकी तबीयत और बिगड़ती गई। बेहतर इलाज की उम्मीद में विशेषज्ञों की सलाह पर उसे हैदराबाद के एआइजी अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में लगातार उपचार किया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार सृष्टि को लंबे समय तक आईसीयू में विशेष निगरानी, महंगी दवाइयों और निरंतर चिकित्सा की जरूरत है। लगातार इलाज, जांच और अस्पताल में भर्ती रहने के कारण खर्च तेजी से बढ़ गया है। आर्थिक रूप से परिवार पर भारी बोझ पड़ चुका है। उपचार को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए करीब 11 लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है।

स्वजन ने की सहयोग की अपील

परिजनों ने समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से बच्ची के उपचार के लिए यथासंभव आर्थिक सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि इस कठिन समय में मिलने वाली छोटी से छोटी मदद भी सृष्टि के इलाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि आर्थिक सहयोग संभव न हो तो इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों का सहयोग मिल सके।

इस खाते में भेज सकते हैं सहायता राशि

सृष्टि के उपचार के लिए सहयोग करने के इच्छुक लोग खाता संख्या 40085404382, आईएफएससी कोड SBIN0007258 में अपनी स्वेच्छानुसार सहायता राशि भेज सकते हैं। परिवार का कहना है कि हर सहयोग उनकी बेटी के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *