बिना जांच पत्रकार पर FIR के विरोध में फूटा पत्रकारों का गुस्सा, निकाली विशाल रैली
बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस द्वारा बिना किसी प्राथमिक जांच के एक स्थानीय पत्रकार के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से FIR दर्ज किए जाने के विरोध में आज पूरे शहर के पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त हो गया। पुलिस की इस एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ आज सैकड़ों की संख्या में पत्रकारों ने एकजुट होकर बिलासपुर प्रेस क्लब से एक विशाल विरोध रैली निकाली और सिविल लाइन थाने पहुंचे। पत्रकारों के इस आंदोलन को ‘छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ’ ने अपना पूर्ण समर्थन दिया।
सिविल लाइन थाना पहुंचकर पत्रकारों ने थाने का घेराव किया और थाना प्रभारी से तीखी वार्तालाप की। पत्रकारों ने कड़े शब्दों में कहा कि बिना किसी ठोस सबूत या प्रारंभिक जांच के पत्रकार पर सीधे FIR दर्ज करना पूरी तरह से तानाशाही है। यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाने की कोशिश है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों ने मांग की है कि मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच की जाए और झूठी FIR को निरस्त किया जाए।
