रायपुर बार एसोसिएशन चुनाव में पुरुषों को 50 प्रतिशत आरक्षण के खिलाफ याचिका
00 आरक्षण को तत्काल हटाया नहीं गया तो चुनाव पर रोक लगाने की चेतावनी
बिलासपुर। इसी माह 17 तारीख को होने जा रहे रायपुर बार एसोसिएशन चुनाव में पुरुषों को दिए गए 50 प्रतिशत आरक्षण के खिलाफ पेश याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर की ।जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी ने निर्देश दिया कि, पुरुषों को दिए गए आरक्षण को तत्काल हटाया नहीं गया तो कल ही रोक लगा दी जाएगी ।17 अप्रैल को रायपुर बार एसोसिएशन का चुनाव होना है। इस चुनाव को लेकर निर्वाचन अधिकारी ने पुरुषों के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित कर दिए थे। इससे एक नया विवाद खड़ा हो गया और हाइकोर्ट में याचिका दायर की गई। मामले में पैरवी कर रही अधिवक्ता हमीदा सिद्दीकी ने बताया कि, संविधान में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 30 प्रतिशत का आरक्षण निर्धारित किया गया है, न्याय के क्षेत्र में महिलाएं भी योगदान देती है पर यहां महिलाओं के आरक्षण को छोड़ पुरुषों को 50 प्रतिशत आरक्षण दे दिया गया है। इस पर आज सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिया है कि, पुरुषों को दिए गए इस आरक्षण को तत्काल हटाया जाए नहीं तो कल ही सुनवाई में इस पर रोक लगा दी जाएगी।
