गुजरात पुलिस के अधिकारी बिलासपुर पुलिसिंग का अध्ययन करेंगे
00 एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर।“एक भारत श्रेष्ठ भारत” अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत गुजरात पुलिस के 15 अधिकारी बिलासपुर पुलिस एवं बिलासपुर रेंज की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे। दोनों राज्यों की पुलिस के श्रेष्ठ कार्यों के आदान-प्रदान से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने का उद्देश्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
:“एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत Culture Exchange Between State Police के 14वें चरण में गुजरात पुलिस के जिला पोरबंदर से 15 अधिकारी एवं कर्मचारियों का दल 10.03.2026 को बिलासपुर पहुंचा। आगमन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा दल का औपचारिक स्वागत करते हुए सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों को बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
आगामी 20 दिनों के दौरान पोरबंदर से आए अधिकारी एवं कर्मचारी बिलासपुर रेंज एवं विशेष रूप से जिला बिलासपुर में पुलिस की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे। इस दौरान थाना, चौकी, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति एवं उनके रोकथाम के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिले में संचालित “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम एवं नागरिक सहभागिता के प्रयासों की भी जानकारी साझा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना एवं प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी प्राप्त हो सके।
साथ ही पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ एवं छत्तीसगढ़ बल आदि के समन्वित कार्यों के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों की पुलिसिंग गतिविधियों का अवलोकन भी कराया जाएगा, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच श्रेष्ठ कार्यों का आदान-प्रदान हो सके तथा आधुनिक एवं प्रभावी पुलिसिंग को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
