सीएमडी कॉलेज के प्राध्यापक राजकुमार पंडा को भूगोल में पीएचडी की उपाधि
000 बिलासपुर संभाग में प्रजनन और मृत्यु दर के पैटर्न पर किया शोध, स्थानीय नीतियां बनाने में मददगार होंगे निष्कर्ष
बिलासपुर। स्थानीय सी.एम.डी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यरत प्राध्यापक राजकुमार पंडा को डॉ. सी.वी. रामन विश्वविद्यालय, कोटा द्वारा ‘डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी’ (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने कला संकाय के अंतर्गत भूगोल विषय में अपना शोध कार्य प्रसिद्ध शोध पर्यवेक्षक डॉ. काजल मोइत्रा के मार्गदर्शन में पूरा किया है।
स्थानीय समाज और नीतियों पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव
प्राध्यापक राजकुमार पंडा के शोध का विषय “A Regional Analysis of Fertility and Mortality Pattern in Bilaspur Division of Chhattisgarh State” (छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर संभाग में प्रजनन क्षमता और मृत्यु दर पैटर्न का एक क्षेत्रीय विश्लेषण) है। भूगोल और जनसांख्यिकी पर आधारित यह अध्ययन बिलासपुर संभाग के स्थानीय समाज के लिए प्रशासनिक स्तर पर काफी उपयोगी साबित हो सकता है। शोध के निष्कर्षों से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं, शिशु-मातृ मृत्यु दर और जनसंख्या संतुलन की व्यावहारिक स्थिति स्पष्ट होती है। यह डेटा आने वाले समय में शासन-प्रशासन को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य नीतियां व सामाजिक कल्याण योजनाएं तैयार करने में एक सटीक आधार प्रदान करेगा।
इस शैक्षणिक उपलब्धि पर महाविद्यालयीन चेयरमैन डॉ संजय दुबे जी, प्राचार्य डॉ संजय सिंह एवं समस्त महाविद्यालय सदस्यों और परिचितों द्वारा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई ।
