बदहाल सड़क ने मासूम व उसकी माँ की जान ली
00 मस्तूरी के जयरामनगर मोड़ में हुआ हादसा
बिलासपुर। मस्तूरी जयरामनगर मोड़ के बदहाल सड़क ने बुधवार की सुबह मासूम बच्ची व उसकी माँ की जान लेली। सड़क खराब होने के कारण दोनों बाइक से उछल कर सीधे सड़क की ओर गिरे व ट्रक का पिछला चक्का दोनों को रौंदते हुई आगे बढ़ गया।
मस्तूरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने लोगो की रूह कंपा दी। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार मां और उसकी मात्र 6 माह की दुधमुंही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में पति बाल-बाल बच गये , लेकिन उसकी आंखों के सामने ही उसकी पत्नी और संतान काल के गाल में समा गए। बताया जाता है चालक तेज रफ़्तार मे ट्रक चला रहा था।चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कुआं बोड़सरा निवासी अशोक यादव अपनी पत्नी शिवरात्रि यादव और 6 माह की मासूम बेटी कनिका के साथ बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मस्तूरी स्थित स्टेट बैंक के पास जयरामनगर मोड़ पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 08 W 1435 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।ट्रक की टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठी शिवरात्रि और उनकी गोद में मौजूद 6 माह की कनिका सीधे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए।मस्तूरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि मस्तूरी बस स्टैंड से लेकर जयरामनगर मोड़ तक कई जगह ब्लैक स्पॉट है। सड़क के दोनों ओर बेजाकब्जा व मल्हार की ओर से आने वाले भारी वाहनों का दबाव रहता है। सड़क में कई स्थानों पर गढ्ढा के कारण दो पहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आते जाते है। इसके अलावा जयरामनगर मोड़ में कोयला लोड भारी वाहन के कारण भारी गढ्ढा हो गया है। इस कारण से यहाँ पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बने रहती है।
