कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल की जमानत खारिज
० अवैध कोयला लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए लेने का आरोप,
० हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया संलिप्तता मानते हुए राहत देने से किया इंकार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने कहा कि केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों से आवेदक की आर्थिक अपराध में प्रथम दृष्टया संलिप्तता परिलक्षित होती है। अग्रवाल को 8 जुलाई 2026 को एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 में गिरफ्तार किया गया था।
अभियोजन के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल प्रणाली में बदलकर 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया गया* रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली गई* प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए लिए* उनके और परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदने का मामला भी जांच में सामने आया है*
अग्रवाल के अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि जांच में सहयोग किया गया है और हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता समाप्त हो चुकी है* ट्रायल में देरी तथा अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के आधार पर भी राहत मांगी गई। वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आवेदक संपत्तियों की खरीद के लिए आय का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे द्वारा कई संपत्तियां खरीदने की बात भी सामने आई है*
हाईकोर्ट ने कहा कि, ट्रायल में देरी के लिए केवल अभियोजन को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। अन्य सह-आरोपियों को डेढ़ से दो साल जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी, जबकि अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद लगभग तीन माह ही जेल में रहे हैं* इसलिए समानता का आधार भी स्वीकार नहीं किया जा सकता*आर्थिक अपराध की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस आदेश में की गई टिप्पणियों का ट्रायल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा*

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed