छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने चयनित 56 नए सिविल जज जूनियर डिवीजन की पदस्थापना आदेश जारी किया
000 न्यायिक अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीएससी से चयनित 56 नए सिविल जज जूनियर डिवीजन की पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सभी नव नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को संबंधित पदस्थापना स्थल पर 29 अगस्त 2026 तक कार्यभार ग्रहण करना होगा। इन्हें लोअर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर में परिवीक्षा पर नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश के तहत 56 नए सिविल जजों को अलग-अलग जिलों में पदस्थ किया गया है। इससे अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक अधिकारियों की कमी दूर होने और लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है।
इसके साथ ही 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की गई हैं। हायर ज्यूडिशियल सर्विस के तहत दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को रायपुर का प्रथम अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश बिलासपुर, ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से तृतीय अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव, नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से द्वितीय अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश जगदलपुर तथा भूपत सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) दंतेवाड़ा भेजा गया है।
वहीं नीरज शर्मा को रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश पद से एससीएसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला-सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी दी गई है।
सिविल जज सीनियर डिवीजन में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन मुंगेली पदस्थ किया गया है। भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। हाईकोर्ट के इस फैसले से न्यायालयीन कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।
