युवती से छेड़छाड़ और घर में घुसने के आरोपी की अपील खारिज
० चार सप्ताह में सरेंडर करने का आदेश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने युवती से छेड़छाड़ और उसके घर में जबरन घुसने के मामले में दोषी ठहराए गए विजेंद्र कुमार पटेल की आपराधिक अपील खारिज कर दी है* जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की सिंगल बेंच ने ट्रायल कोर्ट द्वारा भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 448 के तहत दी गई दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा है। कोर्ट ने जमानत पर चल रहे आरोपी को चार सप्ताह के भीतर संबंधित ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण कर शेष सजा भुगतने का निर्देश दिया है।
मामले के अनुसार, 29 नवंबर 2016 को सुबह करीब 9.30 बजे युवती मंदिर से लौटकर अपने घर में स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान आरोपी विजेंद्र कुमार पटेल उसके पीछे घर पहुंचा और दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गया। उसने युवती को पीछे से कमर पकड़कर उठाया और दूसरे कमरे में ले जाने की कोशिश की। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया और आरोपी को थप्पड़ मारा। इस पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। युवती ने घटना की जानकारी अपने छोटे भाई को दी, जिसके बाद परिजनों के साथ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई*
ट्रायल कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी को आईपीसी की धारा 354 और 448 के तहत दोषी ठहराते हुए क्रमशः एक वर्ष और छह माह के कठोर कारावास तथा जुर्माने की सजा सुनाई थी। आरोपी ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए कहा कि युवती और वह सहपाठी थे तथा पढ़ाई को लेकर बातचीत कर रहे थे। युवती के भाई ने गलतफहमी में शिकायत दर्ज कराई थी* बचाव पक्ष ने यह भी दलील दी कि घटना का कोई स्वतंत्र प्रत्यक्षदर्शी नहीं है* वहीं, राज्य की ओर से कहा गया कि पीड़िता की गवाही विश्वसनीय है और घटना के तत्काल बाद उसने परिजनों को जानकारी देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी*
हाईकोर्ट ने पीड़िता की गवाही को विश्वसनीय और घटना के संबंध में एकरूप पाया* कोर्ट ने कहा कि, पीड़िता के छोटे भाई, पिता और उपसरपंच के बयानों से भी उसके कथन की पुष्टि होती है* पड़ोसियों को तत्काल घटना की जानकारी नहीं देना उसकी गवाही पर संदेह करने का आधार नहीं हो सकता* आरोपी ने भी उसे झूठा फंसाए जाने की बात साबित करने के लिए कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया* कोर्ट ने माना कि आरोपी ने युवती को जबरन पकड़कर दूसरे कमरे में ले जाने का प्रयास किया, जिससे उसकी गरिमा भंग करने का इरादा स्पष्ट होता है* इसके साथ ही हाईकोर्ट ने दोषसिद्धि और सजा बरकरार रखते हुए अपील खारिज कर दी।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed