अब गांवों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेगा न्याय, तीन मोबाइल ई-सेवा वैन शुरू
00 चीफ जस्टिस ने दिखाई हरी झंडी, अंबिकापुर, रायपुर और जगदलपुर में मिलेंगी सुविधाएं
*बिलासपुर। संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति के आर महापात्र ने गुरुवार को तीन मोबाइल ई-सेवा वैन का शुभारंभ किया* उन्होंने वैन में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करने के बाद हरी झंडी दिखाकर उन्हें अंबिकापुर, रायपुर और जगदलपुर के लिए रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण, आदिवासी, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक न्यायिक एवं विधिक सेवाएं सीधे पहुंचाना है।
ये वैन सुप्रीम कोर्ट की ई-कोर्ट्स परियोजना के तहत न्यायिक एवं तकनीकी जनसंपर्क अभियान के रूप में संचालित होंगी। इनके माध्यम से नागरिकों को न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति, वाद सूची (कॉज लिस्ट), ई-फाइलिंग और अन्य डिजिटल न्यायिक सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। साथ ही विधिक सहायता, कानूनी जागरूकता और राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।
मोबाइल वैन के माध्यम से लोक अदालतों और प्री-लिटिगेशन मामलों के समझौते एवं निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान सहित अन्य उपयुक्त मामलों के निराकरण में भी इनका उपयोग होगा। इससे आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा मिलने के साथ नियमित अदालतों में लंबित मामलों का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
वैन में हाई-डेफिनिशन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ऑडियो-विजुअल डिस्प्ले, हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी, कैमरा, वेबकैम, राउटर, जनरेटर और विद्युत बैकअप सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनके जरिए दूरस्थ स्थानों से साक्ष्य रिकॉर्ड करने की सुविधा भी मिलेगी। वैन के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की है।
शुभारंभ समारोह में कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू सहित न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास, न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी, न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत, न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय, न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल, न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद, न्यायमूर्ति संतोष शर्मा, न्यायमूर्ति सुषमा सावंत और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार उपस्थित रहे।
