अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरबा और कटघोरा न्यायालयों का निरीक्षण
00 उपलब्ध अधोसंरचना के प्रभावी उपयोग तथा न्यायालयीन सुविधाओं में निरंतर सुधार की आवश्यकता-चीफ जस्टिस
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरबा एवं कटघोरा स्थित जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयों की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रशासन और अधोसंरचना की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति सिन्हा ने न्यायालय कक्षों, प्रशासनिक अनुभाग, अभिलेख कक्ष, दाखिला एवं फाइलिंग अनुभाग सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित न्यायिक अधिकारियों, कलेक्टरों और अधिकारियों से न्यायालयों की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
उन्होंने वादकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। न्यायालय परिसरों में स्वच्छ, सुलभ और वादकारी-अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मुख्य न्यायाधिपति ने अभिलेखों के उचित रखरखाव, उपलब्ध अधोसंरचना के प्रभावी उपयोग तथा न्यायालयीन सुविधाओं में निरंतर सुधार की आवश्यकता बताई। उन्होंने त्वरित एवं प्रभावी न्याय के लिए न्यायालयों के प्रत्येक अनुभाग के सुचारु संचालन को जरूरी बताया।
इस अवसर पर अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरबा और कटघोरा के अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का सम्मान किया। निरीक्षण को राज्य में न्यायिक अधोसंरचना मजबूत करने और सुलभ एवं प्रभावी न्याय व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
