मैट्रिमोनियल साइट से पहचान बना दैहिक शोषण व ठगी के इनामी दंपति गिरफ्तार
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट में स्वंय को अविवाहित बता कर शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण एवं नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये के जेवर व नगदी की ठगी करने वाले शातिर दम्पति की एक गलती से धरदबोचा। फरार दंपति पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। पत्नी के खाता से रकम निकासी ने पुलिस को आरोपित तक पहुँचा दिया।
आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताकर सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पीड़िता को बनाया था निशाना
करीब 12–13 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी की ठगी का आरोप ।
कोरबा निवासी प्रार्थिया/पीड़िता द्वारा 09.03.2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट “शादी डॉट कॉम” के माध्यम से पामगढ़, जांजगीर-चांपा निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी।
आरोपी पवन यादव द्वारा स्वयं को अविवाहित बताकर पीड़िता को अपने विश्वास में लिया गया तथा शादी का आश्वासन देकर उसके साथ दैहिक शोषण किया गया। इसके पश्चात आरोपी द्वारा पीड़िता को नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे नगदी एवं सोने-चांदी के जेवर प्राप्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12–13 लाख रुपये बताई गई है।
घटना के बाद आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गया तथा अपनी पत्नी सहित लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
लगातार प्रयासों से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई
प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद थाना तोरवा पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए उनके संभावित ठिकानों पामगढ़ तथा सरकंडा, बिलासपुर स्थित ससुराल में लगातार दबिश दी गई। आरोपी का मोबाइल नंबर बंद पाया गया तथा वह घटना के बाद से फरार था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ₹5,000/- का इनाम घोषित किया गया। इसके बावजूद आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो रही थी।
तोरवा पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी जारी रखी गई। आरोपी के मोबाइल नंबर एवं विभिन्न बैंक खातों की जानकारी का विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी के अधिकांश बैंक खाते बंद पाए गए, जबकि उसकी पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लेन-देन जारी पाया गया।
उक्त खाते के ट्रांजेक्शन की जांच करने पर बैंक खाते से बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र में राशि की निकासी होना पाया गया। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना तोरवा की पुलिस टीम को दिल्ली/हरियाणा क्षेत्र रवाना किया गया।
जांच के दौरान आरोपी द्वारा जिस च्वाइस सेंटर से राशि की निकासी की गई थी, उसकी जानकारी एवं उपलब्ध सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
दिल्ली से आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार
थाना तोरवा पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी पवन कुमार यादव एवं उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया।
दोनों आरोपियों को दिनांक 09.08.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
000000
गिरफ्तार आरोपी :
-
पवन कुमार यादव, पिता स्व. शंकरलाल यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)।
-
नवीता यादव, पति पवन कुमार यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)।
