रीढ़ की हड्डी से संबंधित गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने बिलासपुर में 3 से 5 अप्रैल तक स्पाइन सर्जरी एवं परामर्श शिविर

मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ उपचार

बिलासपुर। कुमार साहब स्व. श्री दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बिलासपुर में स्पाइन (रीढ़) से संबंधित रोगों के उपचार के लिए विशेष स्पाइन सर्जरी एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 3, 4 और 5 अप्रैल 2026 को स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के सहयोग से आयोजित होगा।शिविर में देश के ख्यातिप्राप्त स्पाइन सर्जिकल विशेषज्ञ मरीजों की जांच, परामर्श और आवश्यकता अनुसार सर्जरी करेंगे। इस शिविर का उद्देश्य रीढ़ की हड्डी से संबंधित गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना है। रीढ़ की हड्डी से संबंधित जिन मरीजों को कमर दर्द का पैरों तक फैलना, मल-मूत्र पर नियंत्रण न रहना, पैरों में झुनझुनी या सुन्नता, पैरों में कमजोरी, गर्दन का दर्द हाथों तक फैलना, स्कोलियोसिस अथवा रीढ़ की असामान्य वक्रता जैसी समस्याएं हैं, वे इस शिविर का लाभ ले सकते हैं।ऐसे मरीजों को जिला अस्पताल अथवा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सिम्स अस्पताल बिलासपुर के अस्थि रोग विभाग में रेफर किया जाएगा। यहां बुधवार और शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच मरीजों की जांच कर शिविर के लिए चयन किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ.शुभा गरेवाल ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नोडल अधिकारी डॉ. रवि महोबिया (अस्थि रोग विशेषज्ञ) से मोबाइल नंबर 7667928802 पर संपर्क किया जा सकता है।

kamlesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed