पति के चरित्र पर बेबुनियाद आरोप लगाना मानसिक क्रूरता, पत्नी की की अपील खारिज
० हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के तलाक के फैसले को रखा बरकरार
बिलासपुर। हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पति के चरित्र और निष्ठा पर बिना किसी ठोस आधार के गंभीर आरोप लगाना मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है* खासकर जीवनसाथी के अपने परिवार के सदस्य के साथ अवैध संबंध होने जैसे आरोप वैवाहिक जीवन में गंभीर मानसिक पीड़ा पहुंचाते हैं* जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डीबी ने इस आधार पर पत्नी की तलाक के फैसले को चुनौती देने वाली अपील खारिज कर दी।
मामला दुर्ग जिले के राहुल यादव और अंजलि यादव का है* दोनों का विवाह 8 दिसंबर 2015 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था और 18 सितंबर 2016 को उनके एक पुत्र का जन्म हुआ था* पति राहुल यादव ने फेमिली कोर्ट दुर्ग में पत्नी के खिलाफ क्रूरता के आधार पर तलाक का आवेदन प्रस्तुत किया था* पति का आरोप था कि, विवाह के शुरुआती दिनों से ही पत्नी उसके माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ दुर्व्यवहार करती थी* वह परिवार के साथ रहने के बजाय पति पर अलग रहने का दबाव बनाती थी* पत्नी के मायके वाले भी उसे घर जमाई बनकर रहने और उनके व्यवसाय में सहयोग करने के लिए कहते थे* पति के अनुसार, पत्नी कई बार मायके चली गई और वापस बुलाने के प्रयासों के बावजूद ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई* काउंसलिंग के दौरान पति अलग रहने के लिए भी तैयार हुआ, लेकिन पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार करते हुए भरण-पोषण की मांग की*
पति के साथ जाने के लिए तैयार नहीं थी
मामले में पत्नी की ओर से पति पर उपेक्षा और देखभाल नहीं करने के आरोप लगाए गए थे। कोर्ट ने पाया कि पत्नी और उसके पिता ने अपनी गवाही में स्वीकार किया है कि पति ने गर्भावस्था के दौरान उसकी देखभाल की, सेक्टर-9 अस्पताल में उपचार और नियमित जांच की व्यवस्था की तथा प्रसव का खर्च भी उठाया था* पत्नी की गवाही से यह भी सामने आया कि, वह स्वयं पति के साथ जाने के लिए तैयार नहीं थी और काउंसलिंग के दौरान भी उसने साथ रहने से इनकार किया था* कोर्ट ने विशेष रूप से पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने के आरोपों को गंभीरता से लिया* कोर्ट ने कहा कि पति के चरित्र और निष्ठा पर इस तरह के बेबुनियाद आरोप सामान्य वैवाहिक विवाद नहीं हैं, बल्कि परिस्थितियों के आधार पर मानसिक क्रूरता माने जा सकते हैं*
उपलब्ध साक्ष्यों का सही मूल्यांकन
कोर्ट ने कहा कि, पूरे साक्ष्य और परिस्थितियों को एक साथ देखने पर स्पष्ट है कि, पति के साथ मानसिक क्रूरता हुई है* कुटुंब न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों का सही मूल्यांकन करते हुए हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1) (आईए) के तहत क्रूरता के आधार पर तलाक की डिक्री दी थी* हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले में कोई कानूनी त्रुटि या हस्तक्षेप योग्य आधार नहीं पाया* इसके साथ ही पत्नी अंजलि यादव की अपील निराधार मानते हुए खारिज कर दी और कुटुंब न्यायालय द्वारा पारित तलाक की डिक्री को बरकरार रखा।
