जस्टिस कोशी बनेंगे दिल्ली हाईकोर्ट के सीजे
० तीन अन्य हाईकोर्टों में भी नियुक्ति
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में कई वर्षों तक न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे चुके जस्टिस पी. सैम कोशी को दिल्ली हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तेलंगाना हाईकोर्ट में पदस्थ जस्टिस कोशी की नई नियुक्ति से छत्तीसगढ़ से उनका पुराना न्यायिक जुड़ाव एक बार फिर चर्चा में है। उनके अलावा तीन अन्य न्यायाधीशों को भी अलग-अलग हाईकोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जस्टिस कोशी ने अपने न्यायिक करियर की शुरुआत छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से की थी। यहां लंबे समय तक न्यायाधीश के रूप में कार्य करने के बाद उनका तबादला तेलंगाना हाईकोर्ट कर दिया गया था। वहां सेवाएं देने के बाद अब उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है। गत 5 अक्टूबर 2026 को ही जस्टिस कोशी को तेलंगाना हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। दिल्ली हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के महत्वपूर्ण न्यायिक संस्थान का नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में उनके कार्यकाल के कारण बिलासपुर के न्यायिक और विधिक क्षेत्र में भी इस नियुक्ति को विशेष महत्व के साथ देखा जा रहा है। इसके अलावा जस्टिस एम् आर पाठक को गुजरात ,जस्टिस तप्ब्रत चक्रव्रती को तेलंगाना और जस्टिस सुधीर सिंह को उत्तराखंड का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है।
