सीजीपीएससी घोटाला: टामन सिंह सोनवानी की जमानत पर फैसला सुरक्षित
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती घोटाले के मामले में हाईकोर्ट ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में मामले की सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की ओर से बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
यह मामला वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार से जुड़ा है। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं की गईं और अपने रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रश्नपत्र लीक किए गए। इन आरोपों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।
सीबीआई ने इस मामले में टामन सिंह सोनवानी को नवंबर 2024 में गिरफ्तार किया था। उनकी जमानत याचिका पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अब हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार है।
